आईपीएल मंडी में सबसे युवा क्वेना मफाका और सबसे ज्यादा उम्र वाले नबी पर लगेगी बोली

नई दिल्ली । आईपीएल ऑक्शन 2024 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी सूची जारी कर दी गई है। इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन के लिए नीलामी 19 दिसंबर, 2023 को दुबई में होनी है। इसमें कुल 333 क्रिकेटरों को शामिल किया जाएगा। 333 में से 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं। 2 खिलाड़ी एसोसिएट देशों से हैं। कुल कैप्ड खिलाड़ी 116 हैं, अनकैप्ड खिलाड़ी 215 जबकि 2 एसोसिएट देशों से हैं। 10 फ्रेंचाइजियों के पास सिर्फ 77 स्लॉट उपलब्ध हैं, जिसमें 30 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। 2 करोड़ रुपए उच्चतम आरक्षित मूल्य में 23 खिलाड़ी हैं। इसके अलावा 13 खिलाड़ी हैं जिन्होंने बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपए रखा है। बोली के लिए खिलाड़ियों के विभिन्न सेट बनाए गए हैं। पहले सेट में 8 प्लेयर हैं। इसमें पहले नंबर पर इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक का नाम है। उसके बाद क्रिकेट विश्व कप फाइनल के हीरो ट्रेविस हेड है। इसके बाद करुण नायर, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, रिली रौसोव, स्टीव स्मिथ का नाम है। 

कुछ अनजान खिलाड़ी भी फ्रेंचाइजी का ध्यान खींचने में सफल हो सकते हैं। इसमें इंग्लैंड के टॉम कोहलर कैडमोर भी शामिल हैं जिनका आधार मूल्य 40 लाख रुपए है। इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा का आधार मूल्य 1.5 करोड़ रुपए है। उनके अलावा श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका भी अच्छी कीमत हासिल कर सकते हैं। अधिकतर आईपीएल में ही खेलने वाले भारतीय तेज गेंदबाजों शिवम मावी, कार्तिक त्यागी और कमलेश नागरकोटी को 20 से 30 लाख रुपए आधार मूल्य के वर्ग में रखा गया है।

ऑक्शन में सबसे युवा प्लेयर साऊथ अफ्रीका के क्वेना मफाका है। मफाका को अंडर 19 में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देखा गया है। वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। ऑक्शन में सबसे ज्यादा उम्र के क्रिकेटर जिनपर बोली लगेगी, वे हैं अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी। ट्वंटी20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले बनी अभी तक सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं। उनका बेस प्राइस डेढ़ करोड़ रुपए है।



Subscribe to our Newsletter