अब कभी भी आंध्र के लिए नहीं खेलूंगा : हनुमा
Feb 27, 2024
मुम्बई । बल्लेबाज हनुमा विहारी ने आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन पर खराब व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि अब वह कभी भी आंध्र प्रदेश की ओर से नहीं खेलेंगे। हनुमा का ये बयान रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में आंध्र के बाहर होने के बाद आया है। टीम को क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश के हाथों चार रनों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं आंध्र एसोसिएशन ने अपने पर लगे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों को जो बातें कही जाती हैं उन्हें मानना होता है क्योंकि उनके कारण ही खिलाड़ी वहां हैं।
हनुमा ने कहा वह अब कभी भी आंध्र के लिए नहीं खेलेंगे। इसका कारण है कि यहां उनका आत्मसम्मान खो गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर लिखा, मैं टीम से प्यार करता हूं। जिस तरह से हम हर सत्र में आगे बढ़ रहे हैं, वह मुझे पसंद है पर एसोसिएशन नहीं चाहता कि हम आगे बढ़ें। उन्होंने सीजन की शुरुआत आंध्र के कप्तान के रूप में की थी पर पिछले साल के उपविजेता बंगाल के खिलाफ पहले मैच के बाद उनको पद छोड़ने के लिए कहा गया। उसके बाद बचे हुए सत्र में रिक्की भुई ने टीम की कप्तानी की।
उन्होंने कहा, बंगाल के खिलाफ पहले मैच में मैं कप्तान था, उस मैच के दौरान मैं एक खिलाड़ी पर नाराज हुआ जिसके बाद भी मेरे खिलाफ कार्रवाई हुई। साथ ही कहा, हालांकि हमने पिछले साल फाइनलिस्ट बंगाल के खिलाफ 410 रन का पीछा किया था पर इसके बाद भी मुझसे बिना किसी गलती के कप्तानी से इस्तीफा देने के लिए कहा गया। मध्य प्रदेश के खिलाफ पिछले साल के रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच में वह चोटिल होने के बाद भी मैदान में उतरे थे।