दिल्ली-एनसीआरमें कब मिलेगी गर्मी से राहत

May 28, 2025

नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से तेज गर्मी पड़ने लगी है। हालांकि मौसम विभाग ने गुरुवार से एक बार फिर दिल्ली के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। यहां गुरुवार और शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश जारी है। बीते वीकेंड में हल्की बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम एक बार फिर से गर्म होने लगा है। हालांकि 28 मई शाम को एक बार फिर यहां मौसम बदलने के आसार है। मौसम विभाग के दिल्ली केंद्र के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में गुरुवार और शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इसी प्रकार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी प्री मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती है। उधर, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक एवं गुजरात आदि राज्यों में आज फिर से भारी बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में 26 मई को हुई बारिश के बाद दिल्ली एनसीआर वासियों को गर्मी से काफी राहत मिली थी। 42 डिग्री सेल्सियस से गिरकर तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। हालांकि सोमवार से भी यहां फिर से मौसम गर्म होने लगा है। मंगलवार को सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आशंका है कि आज तापमान बढ़ कर 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

हालांकि मध्य रात्रि के बाद मौसम में बदलाव भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के दिल्ली केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक यहां 29 व 30 मई को एक बार फिर आंधी-तूफान की आशंका है। बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में दस्तक दे दी है। इन राज्यों में 26 मई से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। उधर, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी मानसून की बारिश शुरू हो गई है।


Subscribe to our Newsletter