वेस्टइंडीज ने अमेरिका पर की बड़ी जीत हासिल, इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ी
Jun 22, 2024
इंग्लिश टीम को अपना आखिरी मैच जीतना हर हाल में जरूरी
नई दिल्ली,। टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की अमेरिका पर धमाकेदार जीत ने इंग्लैंड टीम की मुश्किलें बढ़ा दी है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए विंडीज टीम ने अमेरिका को 128 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद 10.5 ओवर में एक विकेट खोकर 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज हासिल की। इस धमाकेदार जीत के बाद इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमेरिका के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में उतरी वेस्टइंडीज ने सुपर 8 के मैच में शानदार क्रिकेट खेला। एकतरफा जीत दर्ज करने के साथ ही वेस्टइंडीज ने अपने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बरकरार रखा है जबकि मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड मुश्किलें बढ़ गई हैं। टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने गेंदबाजी चुनी आंद्रे रसेल और रोस्टन चेज की घातक गेंदबाजी ने अमेरिका को 128 रन पर ढेर कर दिया। दोनों ही गेंदबाजों ने तीन-तीन विकेट लिए इसके बाद साई होप की तूफानी 82 रन की नाबाद पारी के दम पर महज 10.5 ओवर में ही लक्ष्य को एक विकेट खोकर हासिल किया।
वेस्टइंडीज को मिली अमेरिका पर बड़ी जीत ने उसका नेट रन रेट साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड दोनों से बेहतर कर दिया है। इंग्लैंड की टीम को एक दिन पहले ही प्रोटियाज टीम के खिलाफ हार मिली थी। इस हार के बाद उसके लिए अपना आखिरी मैच जीतना हर हाल में जरूरी हो गया। वेस्टइंडीज को आखिरी सुपर 8 मैच में साउथ अफ्रीका से खेलना है जबकि इंग्लैंड अमेरिका से खेलेगी। इस मैच में साउथ अफ्रीका हारती है तो इंग्लैंड को वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ने के लिए अमेरिका पर बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी लेकिन अगर विंडीज टीम हारती है तो अमेरिका के खिलाफ सिर्फ जीत हासिल करने से ही इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।