अजेय नहीं हम, जीत के लिए लगातार बेहतर प्रदर्शन करना होगा : रोहित

हैदराबाद । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि हमारी टीम अजेय नहीं हैं और उसे मेहमान टीम इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट गुरुवार से यहां शुरू हो रहा है। रोहित ने कहा कि उनका पूरा ध्यान टीम की रणनीति पर होगा। भारत को अंतिम बार अपनी धरती पर साल 2012 में एलेस्टेयर कुक की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम के हाथों टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद से भारत ने लगातार 16 श्रृंखलायें जीती है जिनमें सात में ‘क्लीन स्वीप किया है। 

रोहित ने मैच से पूर्व कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि हम अजेय हैं। हम ऐसा सोच भी नहीं रहे। पिछले एक दशक में हमने जो भी रिकॉर्ड बनाये हो, वह इस बात की गारंटी नहीं है कि हम यह सीरीज भी आराम से जीत लेंगे। हमें जीतने के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। रोहित ने हालांकि माना कि केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मिली जीत से टीम का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘केपटाउन में मिली जीत अच्छी थी लेकिन यह मैच हैदराबाद में है और वहां के हालात अलग हैं हालांकि टीम को बढ़े हुए मनोबल का लाभ मिलेगा। 


Subscribe to our Newsletter