प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड के मामले में धोनी की बराबरी पर पहुंचे विराट
Mar 26, 2024
नई दिल्ली । आरसीबी के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 77 रन बनाकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसी के साथ ही विराट ने एक अहम रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया है। कोहली को इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। ये उनका आईपीएल में 17वां खिताब था। ऐसा कर वह सीएसके के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की बराबरी पर पहुंच गये। धोनी के नाम भी आईपीएल में 17 प्लेयर ऑफ द मैच खिताब हैं। सबसे अधिकएबी डिविलियर्स को मिले हैं। उनके नाम 25 अवार्ड हैं। वहीं दूसरे नंबर पर क्रिस गेल के नाम 19, डेविड वार्नर के नाम 18 अवार्ड हैं। विराट अब शेन वॉटसन और युसूफ पठान (16 बार) से भी आगे निकल गए हैं।
पंजाब पर जीत के बाद कोहली ने प्रशंसकों से भी बात की। उन्होंने कहा कि यह हमेशा हमारे साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि आगे जाकर लोग यहां उपलब्धियों, आंकड़ों पर बात करेंगे पर यह हमारे लिए अच्छी यादें होंगी। मुझे जो प्यार, सराहना और समर्थन यहां मिलता है वह अद्भुत है। मैं टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश करता हूं, पर अगर विकेट गिरते हैं तो देखता हूं। यह सामान्य सपाट पिच नहीं थी। निराश हूं कि मैच समाप्त नहीं कर पाया। मुझे कुछ शॉट मारने नहीं दिए गए। मुझे इसके लिए तैयारी करनी होगी।
कोहली ने यह भी माना कि जब टी20 क्रिकेट की बात आती है तो मेरा नाम अब दुनिया के विभिन्न हिस्सों में खेल को बढ़ावा देने से जुड़ गया है। मुझे लगता है कि मुझे अभी भी यह मिल गया है। वहीं, दो महीने क्रिकेट से दूर रहने पर उन्होंने कहा कि मेरे लिए, मेरे परिवार के लिए - यह एक अवास्तविक अनुभव था। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर पाकर मैं ईश्वर का इससे अधिक आभारी नहीं हो सकता था।