लंदन में परिवार के साथ इंज्वॉय करते दिखे विराट कोहली
Dec 01, 2023
नई दिल्ली । क्रिकेट विश्व कप में टीम इंडिया के लिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ लंदन में छुट्टियां मना रहे हैं। विराट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं है। खबर है कि वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें लंदन के हाइट पार्क में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बेटी वामिका के साथ इंज्वॉय करते दिख रहे है।
गौरतलब है कि विराट कोहली ने विश्व कप 2023 में 11 मैचों में 95.62 के औसत से सर्वाधिक 765 रन बनाए जिसमें तीन शतक और छह अर्धशतक शामिल रहे। इसी टूर्नामेंट के पिछले मुकाबले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर के वनडे में सर्वाधिक शतकों (49) का रिकॉर्ड तोड़ा। एक वर्ल्डकप में सर्वाधिक रन (673 रन) बनाने के मामले में भी विराट ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। साल 2003 के विश्व कप में सचिन ने भारत के लिए 673 रन बनाए थे।
सूत्रों के अनुसार विराट कोहली ने बोर्ड को जानकारी दी है कि उन्हें अभी व्हाइट बॉल क्रिकेट से ब्रेक चाहिए। कोहली ने बीसीसीआई और सेलेक्टर्स को सूचित किया है कि उन्हें व्हाइट बॉल क्रिकेट से ब्रेक की जरूरत है। हालांकि, इसे लेकर अभी बीसीसीआई ने अधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन विराट का साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट खेलने लगभग तय है।