एशिया कप के लिए जमकर पसीना बहा रहे विराट
Aug 16, 2023
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली आजकल एशिया कप की तैयारियों में लगे हुए हैं। एशिया कप इसी माह के अंत में शुरु होगा। विराट ने सोशल मीडिया पर स्वतंत्रता दिवस के दिन का एक वीडियो भी साझा किया है, इसमें वह जिम में अभ्यास करते दिख रहे हैं। एशिया कप इस बार एकदिवसीय प्रारुप में खेला जाएगा।
ऐसे में इन टूर्नामेंट से टीम को अक्टूबर में होने वाले विश्वकप के लिए अभ्यास का अच्छा अवसर मिलेगा। एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान के पास है पर भारतीय टीम के मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। इस पूर्व कप्तान ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो भी साझा किया है। इसमें वह ट्रेडमील पर पसीने से लथपथ दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने साथ ही लिखा, ‘छुट्टी है फिर भी भागना तो पड़ेगा।‘ उनके इस वीडियो को प्रशंसकों ने काफी पसंद किया है।
एशिया कप में भारतीय टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगी। भारतीय टीम 2 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी। इसमें भी भारतीय बल्लेबाजी विराट पर आधारित रहेगी। एशिया कप में भारत को पाकिस्तान और नेपाल के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। इसमें भारत और नेपाल की टीमों के बीच 4 सितंबर को मुकाबला होगा।