मेडिकल कालेजों में खाली पडे शिक्षकों के भरे जाएंगे
Jan 03, 2024
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दिए निर्देश
भोपाल। प्रदेश में संचालित सभी 14 सरकारी मेडिकल कालेजों में शिक्षकों के खाली पडे हुए पदों को जल्द भरा जाएगा। उक्त निर्देश उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने दिए हैं। श्री शुक्ल ने केंद्र द्वारा पोषित छह, राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे चार और प्रस्तावित 12 मेडिकल कालेजों के निर्माण से लेकर भर्ती तक में गति लाने को कहा । श्री शुक्ल ने कल मंत्रालय में चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर कर ये निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने संचालित कालेजों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम में सीटों की वृद्धि के लिए अधोसंरचना विकास के कार्यों की कालेजवार समीक्षा की एवं संसाधनों की शीघ्र पूर्ति के लिए कहा, जिससे सीटें जल्दी बढ़ सकें। उन्होंने सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और रीवा, स्कूल आफ एक्सीलेंस फार आई इंदौर व स्कूल आफ़ एक्सीलेंस इन पल्मोनरी डिसीज जबलपुर में रिक्त पदों की जल्द पूर्ति हेतु निर्देशित किया।
बैठक में अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा गोपाल चंद्र डाड, सचिव चिकित्सा शिक्षा सुरभि गुप्ता, अपर सचिव डा. पंकज जैन सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में श्री शुक्ल ने नर्सिंग कालेज के साथ हास्टल का निर्माण भी करने, पुराने कालेज एवं जर्जर हो चुके भवनों की मरम्मत के लिए भी व्यवस्थाएं करने, केंद्र से समन्वय कर लंबित विषयों का शीघ्र निराकरण करने तथा हिंदी में एमबीबीएस की पुस्तकें आने वाले वर्ष के लिए भी तैयार करने के निर्देश जारी किए ।