उदय सहारन को भारतीय टीम के अंडर-19 विश्वकप जीतने का भरोसा
Feb 07, 2024
जोहांसबर्ग । भारतीय अंडर19 टीम के कप्तान उदय सहारन को भरोसा है कि उनकी टीम अब 11 फरवरी को होने वाले खिताबी मुकाबले में जीत हासिल करेगी। भारतीय टीम ने इससे पहले एक रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनायी है। इस मुकाबले में कप्तान उदय सहारन ने शानदार पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब अगर भारतीय टीम खिताब जीतती है तो ये उपलब्धि हासिल करने वाले सहारन छठे भारतीय कप्तान बन सकते हैं। भारतीय टीम का मुकाबला फाइनल में पाकिस्तान या ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम से होगा।
आईसीसी अंडर19 वर्ल्ड कप में अब तक पांच भारतीय कप्तानों को जीत मिली है। 36 साल पहले 1988 में पहला अंडर19 वर्ल्ड कप खेला गया था। तब से अब तक 14 बार यह टूर्नामेंट हुआ है। इनमें से 5 बार भारतीय टीम ने खिताब जीते हैं। वहीं अब भारतीय टीम के पास छठा खिताब जीतने का मौका भी है। अगर भारतीय टीम खिताब जीतती है तो सहारन, मोहम्मद कैफ के साथ उस एलीट क्लब के कप्तानों में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने भारतीय टीम को जीत दिलायी है।
भारतीय टीम को पहली जीत मोहम्मद कैफ की कप्तानी में मिली थी। इसके बाद उसने विराट कोहली, उन्मुक्त चंद बने, पृथ्वी शॉ और यश धुल की कप्तानी में ये खिताब जीते हैं।