एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने यूएई के वसीम
Jan 01, 2024
नई दिल्ली । यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम ने यहां अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से एक नई उपलब्धि हासिल की है। साल 2023 के इस अंतिम मैच में वसीम ने एक साल के अंदर ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 छक्के लगाने का रिकार्ड अपने नाम किया। इसी के साथ ही उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा का एक कैलेंडर वर्ष में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकार्ड भी तोड़ दिया।
वसीम को 100 छक्के लगाने के लिए केवल दो छक्कों की जरूरत थी और उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में 3 छक्के लगाकर ये आंकड़ा हासिल कर लिया। वसीम ने अपना 100वां छक्का 47 मैचों में लगाया। इस प्रकार उनके नाम अब 101 छक्के हो गये हैं। वहीं रोहित शर्मा ने साल 2023 में 35 खेलों में 80 छक्के लगाये थे। वहीं भारत के सूर्यकुमार यादव के नाम 2022 में 74 छक्के थे। इस मैच में यूएई ने वसीम की इस बल्लेबाजी के बल पर 11 रन से जीत हासिल की। वसीम के 53 और आर्यन लाकड़ा के 63 रनों की बदौलत मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 166 रन बनाए। वहीं जवाब में अफगानिस्तान टीम 155 रनों पर ही आउट हो गयी।