पुलिस अधिकारी की हत्या की कोशिश, दो मवेशी तस्कर गिरफ्तार

Jun 17, 2025

जलगांव, । महाराष्ट्र के जलगांव में एक पुलिस अधिकारी की हत्या की कोशिश करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खबर है कि मवेशी तस्करी के आरोपी ने उनके ऊपर वाहन चढ़ाकर उन्हें मारने की कोशिश की। इस घटना में पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि पुलिस अधिकारी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसलिए उनके साहस की तारीफ भी हो रही है। लेकिन इस घटना से ये साफ प्रतीत हो रहा है कि ऐसे असामाजिक तत्वों को पुलिस और कानून का कोई डर नहीं है। जानकारी के अनुसार घायल पुलिस अधिकारी का नाम संदीप पाटिल है। संदीप पाटिल स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इस घटना में संदीप पाटिल बाल-बाल बच गए और गंभीर चोटें आई हैं।

बताया गया है कि मवेशी तस्करी के आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करते समय, आरोपियों ने अपने चार पहिया वाहन को पीछे किया और संदीप पाटिल को जान से मारने की कोशिश में उन्हें कार से कुचल दिया। इस घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का बैल, चार पहिया वाहन, छोटी तलवार, गुप्ती हथियार और लोहे की रॉड सहित अन्य कीमती सामान जब्त किया है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार जलगांव जिले में गश्त के दौरान पुलिस निरीक्षक संदीप पाटिल मुक्ताईनगर से मवेशियों की तस्करी करने वाले वाहन के साथ-साथ आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे इस बीच, पुलिस निरीक्षक संदीप पाटिल ने जलगांव से अकोला तक 100 किलोमीटर तक आरोपी के वाहन का पीछा किया। अकोला पुलिस की मदद से नाकाबंदी की गई।

इस दौरान आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश करते समय, आरोपी ने वाहन को पीछे करके पुलिस निरीक्षक को मारने की कोशिश की। इस घटना में पुलिस निरीक्षक संदीप पाटिल नीचे गिर गए। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दो आरोपियों को पकड़ा लिया। इस बीच, अन्य तीन भाग निकले। बहरहाल  मुक्ताईनगर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। उधर आरोपी को गिरफ्तार करने वाले संदीप पाटिल के साहस की पुलिस बल में प्रशंसा की जा रही है। 

Subscribe to our Newsletter