आज जीत का सिक्सर लगाने अंग्रेजों के खिलाफ उतरेगी भारतीय टीम
Oct 28, 2023
विराट कर सकते हैं सचिन तेंदुलकर की बराबरी
लखनऊ । विश्व कप में अब तक विजयरथ पर सवार भारतीय टीम रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ जीत का छक्का लगाने उतरेगी। वहीं गत विजेता को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत के खिलाफ आज के मैच को हर हाल में जीतना होगा। 2019 के चैंपियन इंग्लैंड के लिए मौजूदा विश्व कप का सफर अब तक बेहद निराशाजनक रहा है, इसके बाद इंग्लैंड की कोशिश भारत के खिलाफ जीत हासिल कर टूर्नामेंट में बने रहने की होगी। हालांकि इसके लिए उन्हें कप्तान रोहित शर्मा और शानदार फार्म में चल रहे विराट कोहली पर काबू पाना होगा। इंग्लैंड के खिलाफ विराट का प्रदर्शन अब तक औसत रहा है, लेकिन बदले हालात में विराट को रोकना गोरे गेंदबाजों के लिए आसान नहीं होगा। वहीं विराट मैच में शतक लगाकर अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर सकते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम की पिच अब तक बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हुई है, इसके बाद इस पिच पर रनों का अंबार लगने की पूरी संभावना है।
पिछले मुकाबले में भारत की जीत में अहम भूमिका अदा करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रखने वाले रविचंद्रन अश्विन के अंतिम एकादश में शामिल करने पर भी खेल प्रेमियों की नजर रहेगी। इसके अलावा स्थानीय खिलाड़ी कुलदीप यादव घरेलू दर्शकों की मौजूदगी में भारत के लिए तुरूप का इक्का साबित हो सकते हैं। सिक्सर किंग रोहित शर्मा विश्वकप में विरोधी टीमों के लिये सिरदर्द साबित हुए हैं।
आक्रामक बल्लेबाजी कर गेंदबाजों पर दवाब बनाने की उनकी रणनीति अब तक कारगार साबित हुई है, इसकारण मध्यक्रम के बल्लेबाजों को बेखौफ होकर खेलने का मौका मिल रहा है। हालांकि इस विश्व कप में भारतीय मध्य क्रम की असली परीक्षा होनी अभी बाकी है। रोहित एंड कंपनी को अच्छी तरह पता है कि लगातार हार के बावजूद इंग्लैंड कभी भी वापसी कर सकता है, इसकारण गोरों को हल्के में लेने की भूल नहीं करना चाहती हैं।
इंग्लैंड का प्रदर्शन उनके बल्लेबाज रूट की बल्लेबाजी पर निर्भर करेगा। भारतीय उपमहाद्वीप की धीमी पिचों पर इस अंग्रेज बल्लेबाज का रिकार्ड अहम रहा है। इकाना स्टेडियम की बात करें तो यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम की सफलता का प्रतिशत कहीं ज्यादा है, इसके बाद अब तक रन चेज करने में सफल रही भारतीय टीम अगर टॉस जीतती है तो उसका चयन एक बार फिर पहले क्षेत्ररक्षण का होगा। वैसे भी शाम के समय इस मैदान पर ओस की भूमिका अहम रहने वाली है।
संभावित प्लेइंग 11
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुबमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड : जॉनी बेयरस्टो, डेविड मालन, जो रूट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रुक, जोस बटलर (कप्तान/विकेटकीपर), मोइन अली, क्रिस वोक्स, डेविड विली, आदिल राशिद, मार्क वुड शामिल है।