विश्वकप में जब भी जरुरत पड़ी इस खिलाड़ी ने निभाई अहम भूमिका

मुम्बई । आईसीसी टी20 विश्व कप में इस बार भारतीय टीम की जीत में कई खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही है। इसमें रोहित शर्मा से लेकर विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल है। वहीं एक खिलाड़ी ऐसा भी रहा जो अहम अवसरों पर अपनी भूमिका निभाता रहा। इस खिलाड़ी का नाम है अक्षर पटेल। अक्षर को हालांकि अधिक श्रेय नहीं मिल पाया पर उसने अधिकतर मैच में भारतीय टीम की ओर से अंतर पैदा किया। 

टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भी अक्षर ने दबाव के हालातों में अच्छी पारी खेली। जब वह बल्लेबाजी के लिए आये थे तब भारतीय टीम ने 34 रन पर ही 3 विकेट खो दिये थे। ऐसे में अक्षर न आक्रामक बल्लेबाजी कर विराट कोहली पर से दबाव हट दिया। अक्षर ने 47 रन बनाने के साथ ही मैच में एक विकेट भी लिया। 

ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने तकरीबन हर मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 23 रन देकर 3 विकेट लेने के अलावा 10 रन भी बनाए थे। इसी तरह जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जल्दी-जल्दी विकेट खोये तो अक्षर ने तेजी से 20 रन बनाये। अक्षर ने जरूरत के अनुसार चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के अलावा पावरप्ले में भी गेंदबाजी की। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 9 विकेट लेने के साथ ही 92 रन भी बनाए।



Subscribe to our Newsletter