इंदौर प्रेस क्लब में गणेशोत्सव , विराजित होंगे.. प्रेस क्लब के राजा.., पत्रकारों के बच्चों की सांस्कृतिक प्रतिभाओं का सजेगा मंच

Sep 12, 2026

इन्दौरशहर के पत्रकारों की अधिकृत संस्था इंदौर प्रेस क्लब में हर साल की तरह इस बार भी विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की स्थापना 14 सितंबर, सोमवार को सुबह 11.45 बजे की जाएगी। इस बार गणेश उत्सव को सांस्कृतिक व पारंपरिक गरिमा के साथ-साथ अत्यंत भव्य और उत्सवी अंदाज में मनाने का निर्णय लिया है।

इंदौर । प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम एवं महासचिव प्रदीप जोशी ने बताया कि प्रेस क्लब के राजा के रूप में स्थापित होने वाले मंगलमूर्ति श्री गणेश जी के इस पावन उत्सव में प्रतिदिन भव्य आरती और विशेष पूजन-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस गणेशोत्सव का मुख्य आकर्षण पत्रकार साथियों के होनहार बच्चों के लिए आयोजित किए जाने वाले विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे।

उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस उत्सवी मंच से अवश्य जोड़ें। यदि आपके बच्चे गायन, वादन या नृत्य की कला में रुचि रखते हैं अथवा पारंगत हैं, तो उन्हें इंदौर प्रेस क्लब के राजा गणेशोत्सव की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।

इस आयोजन के माध्यम से जहां एक ओर बच्चों को अपनी प्रतिभा उजागर करने का बेहतरीन मंच मिलेगा, वहीं दूसरी ओर पूरा प्रेस क्लब परिवार अपने साथियों के बच्चों के अद्भुत हुनर से रूबरू हो सकेगा। कार्यक्रम में अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले हुनरमंद बच्चों को इंदौर प्रेस क्लब की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया जाएगा।


Subscribe to our Newsletter