ड्रेगन का संदेश: हम अच्छे पड़ोसी रहेंगे, एक-दूसरे की मदद करेंगे

भारत के लिए चीन से आया महत्वपूर्ण संदेश

बीजिंग। ब्रिक्स समिट 2026 के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा से ठीक पहले चीन की ओर से एक महत्वपूर्ण बयान जारी किया गया है। चीन ने कहा है कि वह भारत के साथ अच्छे पड़ोसी और एक-दूसरे की सफलता में मदद करने वाले साझेदार के रूप में आगे बढ़ना चाहता है। जिनपिंग 7 साल बाद भारत के दौरे पर आ रहे हैं और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता भी होनी है। यह दोनों नेताओं की लगातार तीसरे साल होने वाली मुलाकात होगी, जो रूस के कज़ान और तियानजिन में हुई पिछली मुलाकातों के बाद हो रही है।

चीनी पक्ष ने इस बात पर जोर दिया है कि वह दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन को आगे बढ़ाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा। इसका मुख्य मकसद दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक स्तर पर मजबूत करना और उन्हें दीर्घकालिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाना है। चीन और भारत के बीच संचार बढ़ाने और सहयोग मजबूत करने की दिशा में विशेष रूप से काम किया जाएगा।

चीन ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्ष मतभेदों को उचित तरीके से संभालने और द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर रखने पर जोर देंगे। यह प्रतिबद्धता ऐसे समय में आई है जब दोनों देशों के रिश्तों में पिछले कुछ वर्षों में कई उतार-चढ़ाव देखे गए हैं, खासकर सीमा विवाद के कारण तनाव भी रहा है।

चीन की ओर से भारत के साथ सहयोग और अच्छे पड़ोसी की तरह आगे बढ़ने की बात काफी अहम मानी जा रही है। इसे चीन के एक स्पष्ट संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि सीमा या अन्य मुद्दों पर मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन इन मतभेदों का असर पूरे द्विपक्षीय रिश्ते पर नहीं पड़ना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की इस मुलाकात पर सिर्फ भारत और चीन ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की नजर है। इसकी वजह दोनों देशों की बड़ी आर्थिक और रणनीतिक ताकत है।

भारत और चीन एशिया की दो सबसे बड़ी शक्तियां हैं, और उनके बीच व्यापार व आर्थिक रिश्ते भी काफी अहम हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की बैठक में सीमा से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ व्यापार, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है। चीन का यह संदेश शी जिनपिंग के भारत पहुंचने से ठीक पहले आया है, इसलिए इसे बीजिंग के रिश्तों को लेकर रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।



Subscribe to our Newsletter