टी20 विश्व कप में इन क्रिकेटरों पर रहेंगी नजरें
May 28, 2024
मुम्बई । अगले माह वेस्टइंडीज और अमेरिका में संयुक्त रुप से शुरु हो रहे टी20 विश्व कप में युवाओं से काफी उम्मीदें हैं। विश्वकप में इस बार 20 टीमें भाग ले रही हैं। ऐसे में अनुभवी और युवा खिलाड़ी यहां अपने को साबित करने का पूरा प्रयास करेंगे। हाल में कुछ युवा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया था और ऐसे में इनके प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। इसमें भारत के यशस्वी जायसवाल, इंग्लैंड : हैरी ब्रूक , बांग्लादेश के तौहीद हृदॉय और कनाडा के कंवरपाल ताथगुर और नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी
जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
यशस्वी जायसवाल
यशस्वी ने हाल में समाप्त हुए आईपीएल के अलावा घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों ही जगहों पर अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में बड़ी पारी खेलने की क्षमता उन्हें एक बेहतरीन खिलाड़ी बनाती है। यशस्वी की तकनीक, कौशल और परिपक्वता से माना जा रहा है कि वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में अपने खेले से मुकाबलों में अंतर पैदा करेंगे।
बांग्लादेश : तौहीद हृदॉय और नूर अहमद
इस युवा बल्लेबाज ने हाल के बांग्लादेश प्रीमियर लीग सीज़न में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। वह अपने शानदार स्ट्रोकप्ले और बड़ी पारी खेलने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। वह बांग्लादेश के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक माने जाते हैं।
19 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज नूर अहमद ने पहले ही घरेलू टूर्नामेंटों में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी शैली से सभी को प्रभावित किया है। वह अपनी निडर हिटिंग और साफ छक्का मारने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जो उन्हें एक संभावित गेम-चेंजर बनाती है।
कनाडा : कंवरपाल ताथगुर
इस तेज गेंदबाज ने अपनी तेज और स्विंग गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा है। यह गेंदबाज अपनी तेज गेंदबाजी से भी बल्लेबाजों पर अंकुश लगा देते हैं। इस साल के आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में उनका सामना करना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहेगा।
इंग्लैंड : हैरी ब्रूक
हैरी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से काउंटी क्रिकेट में सभी को प्रभावित किया है। वह तेजी से रन बनाने और बड़े शॉट खेलने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते हैं। इसी कारण माना जा रहा है कि वह भविष्य में इंग्लैंड के एक बड़े खिलाड़ी बनेंगे।
नेपाल : दीपेंद्र सिंह ऐरी
दीपेंद्र अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण चर्चाओं में आये हैं। दीपेंद्र के नाम पर एक ओवर में 6 छक्के लगाने और टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम 9 गेंदों पर अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड है। दीपेंद्र ने गत माह 13 अप्रैल को टी20 में एक ओवर में 6 छक्के लगाये थे। दीपेन्द्र ने एसीसी प्रीमियर कप 2024 के अंतर्गत अल अमीरात में कतर के खिलाफ मैच में कामरान खान के ओवर में यह 6 छक्के लगाये थे। उन्होंने महज 21 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया था।
कतर के खिलाफ इस पारी के दौरान दीपेंद्र ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरी बार 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के लगाने की उपलब्धि हासिल की थी। इससे पहले दीपेंद्र ने 2023 एशियाई खेलों में मंगोलिया के खिलाफ मैच में भी लगातार 6 गेंदों पर छक्के लगाये हैं। लगातार 6 गेंदों पर उनके यह छह छक्के, दो ओवर के दौरान आए थे। यही नहीं हांगझू में एशियाई खेलों में उन्होंने सबसे कम गेंदों पर अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड भी बनाया था। उन्होंने केवल 9 गेंदों पर 50 रन पूरे किये थे। टी20 में एक पारी में सबसे ऊंची स्ट्राइक रेट दीपेंद्र के ही नाम पर है। मंगोलिया के खिलाफ मैच में 27 सितंबर को उन्होंने 10 गेंदों पर आठ छक्कों की मदद से नाबाद 52 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 520.00 का रहा था जो अब तक टी20 का सर्वाधिक है।