राजकोट पहुंची टीम भारतीय टीम का शानदार स्वागत हुआ
Feb 13, 2024
गुजराती और काठियावाड़ी भोजन का लेंगे स्वाद
राजकोट । भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ यहां होने वाले तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए राजकोट पहुंच गयी है। तीसरा टेस्ट 15 फरवरी से यहां के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शुरु होगा। यहां पहुंची भारतीय टीम का जबरदस्त स्वागत सत्कार हुआ। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को रहने के लिए प्रेसिडेंशियल सुइट वहीं केएल राहुल को रॉयल हेरिटेज थीम का एक-एक सूट आवंटित किया गया है।
होटल निदेशक के अनुसार भारतीय खिलाड़ियों के लिए गुजराती और काठियावाड़ी भोजन की व्यवस्था की है, जहां उन्हें नाश्ते में फाफड़ा-जलेबी, खाखरा, गाठिया, थेपला, खमन परोसा जाएगा। वहीं रात के खाने में दही टिकारी, दही और लहसुन के साथ तली हुई बाजरे की रोटी (वाघेरेला रोटलो), खिचड़ी कढ़ी जैसे विशेष काठियावाड़ी भोजन दिये जाएंगे।
होटल निदेशक के अनुसार भारतीय खिलाड़ियों को पहले भी ये व्यंजन परोसे गये थे। साथ ही कहा कि केएल राहुल, हार्दिक पंड्या और पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी खिचड़ी-कढ़ी काफी पसंद करते थे। भारत के अलावा मेहमान टीम इंग्लैंड के खिलाड़ी भी राजकोट पहुंच गए हैं। ये खिलाड़ी दूसरे टेस्ट के बाद अबुधाबी चले गये थे। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने आते ही गोल्फ खेला। अब वे यहां अभ्यास सत्र में भी भाग लेंगे। दोनो ही टीमें 1-1 से बराबरी पर हैं ऐसे में ये टेस्ट बेहद अहम रहेगा।