कवर्ड कैंपस में सीआरपीएफ से रिटायर्ड हवालदार के मकान पर चोरो का साया
May 13, 2024
भोपाल। राजधानी के बंगरसिया में स्थित कवर्ड कैंपस कॉलोनी कैपिटल ग्रीन में रहने वाले सीआरपीएफ से रिटायर्ड हवालदार के मकान पर चोरो ने धावा बोलते हुए सोने चांदी के जेवरात सहित हजारो की नगदी समेटकर चंपत हो गए। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में अज्ञात बदमाश नकाब पहने हुए और बिना शर्ट के नजर आ रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार केपिटल ग्रीन कॉलोनी में किराए से रहने वाले सुदर्शन पांडे (62) सीआरपीएफ से रिटायर्ड हवालदार हैं।
बीती 23 अप्रैल को वह परिवार के साथ रीवा में रहने वाले रिश्तेदार के घर गए थे। दो दिन पहले जब वह वापस राजधानी अपने घर लौटे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखने पर कमरो में रखा सामान बिखरा और अलमारी का लॉकर खुला हुआ नजर आया। अज्ञात बदमाश यहॉ से सोने का मंगलसूत्र, सोने की तीन अंगूठी, बालियां सहित दस हजार की नगदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर 7 मई की रात 3 बजे दो अज्ञात बदमाश घर में दाखिल होते नजर आए हैं। मामला कायम कर पुलिस हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।