आज होगा अरबनाइजर्स हैदराबाद और मणिपाल टाइगर्स के बीच फाइनल

नई दिल्ली । सुरेश रैना की कप्तानी वाली अरबनाइजर्स हैदराबाद की टीम लीजेंड्स लीग 2023 के फाइनल में मणिपाल टाइगर्स से भिड़ेगी जिसकी अगुआई दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह कर रहे हैं। मणिपाल टाइगर्स टीम ने क्वालीफायर 2 में गौतम गंभीर की टीम इंडिया कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर हैदराबाद संग खिताब भिड़ंत तय की। हैदराबाद और मणिपाल टाइगर्स की टीम क्वालीफायर 1 में टकरा चुकी हैं, जहां हैदराबाद ने 75 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में धमाकेदार एंट्री मारी। मणिपाल टाइगर्स को हैदराबाद के खूंखार बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ को जल्द आउट करना होगा जो लीग इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ चुके हैं। फाइनल शनिवार को सूरत के लालभाई कॉन्ट्रेक्टर स्टेडियम में शाम 6:30 बजे से खेला जाएगा। 

मणिपाल टाइगर्स ने क्वालीफायर 2 मैच में पहले बैटिंग कर 9 विकेट पर 177 रन बनाए। कप्तान गौतम गंभीर का बल्ला खामोश रहा। गंभीर 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टॉप के 4 बैटर 30 का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने 27 गेंद में 56 रन की आतिशी पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 5 छक्के और 2 चौके लगाए।  मणिपाल टाइगर्स की ओर से थिसारा परेरा और मैक्लाघन ने 3-3 विकेट लिए। 

178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मणिपाल टाइगर्स ओर से ओपनर चैडविक वेल्टन ने 18 गेंद में 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए। एंजेलो परेरा 30 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि असेला गुणारत्ने ने टीम की जीत का जिम्मा उठाया और मैच विनिंग पारी खेली। परेरा ने 27 गेंद में 35 रन ठोक दिए। असेला गुणारत्ने 39 रन बनाकर नाबाद लौटे वहीं कोलिन डी ग्रैंडहोम ने 24 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए। इसके पहले सुरेश रैना की टीम हैदराबाद ने क्वालीफायर 1 में मणिपाल के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी। उस मैच में 40 साल के विंडीज के पूर्व विस्फोटक ओपनर ड्वेन स्मिथ ने 42 गेंदों पर शतक ठोककर रिकॉर्ड बुक को तहस नहस कर दिया था। स्मिथ ने लीजेंड्स लीग इतिहास का सबसे तेज शतक ठोका।


Subscribe to our Newsletter