साउथ अफ्रीका दौरे के ‎लिए टीम इं‎‎डिया का ऐलान आज

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के साउथ अफ्रीका दौरे के ‎लिए टीम इं‎‎डिया का ऐलान आज हो सकता है। यह दौरा दिसंबर में होने जा रहा है। इस दौरे पर टीम इंडिया मेजबानों के साथ 3 टी20, 3 वनडे और 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान आज हो सकता है। हालां‎कि टीम इंडिया में चेतेश्वर पुजारा और अनुभवी अजिंक्य रहाणे को इस सीरीज के लिए जगह मिलेगी या नहीं, यह चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है ‎कि यह दोनों ही पिछले कुछ समय से टेस्ट टीम से अंदर बाहर होते रहे हैं। दोनों का हालिया प्रदर्शन देखें तो इन खिलाड़ियों ने निराश ही किया है। ऐसे में पुजारा और रहाणे का टेस्ट टीम में वापसी मुश्किल दिखाई दे रही है।

जानकार बता रहे हैं ‎कि केएल राहुल और श्रेयस अय्यर टेस्ट टीम में वापसी करेंगे। ले‎किन रहाणे और पुजारा की वापसी की संभावना बेहद कम है। रहाणे के लिए टीम में वापसी का एक रास्ता ऐसे बन सकता है कि यदि केएल राहुल विकेट के पीछे की जिम्मेदारी संभाले और ईशान किशन को दूसरा विकेटकीपर बनाया जाए, इस स्थिति में टीम में एक एक्स्ट्रा बैटर के लिए जगह बन सकती है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल रहाणे की बढ़ती उम्र को लेकर भी है।

इसी तरह 35 वर्षीय चेतेश्वर पुजारा भी टेस्ट टीम में वापसी के बाद कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। पिछले साउथ अफ्रीका दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद पुजारा को टेस्ट टीम से ड्रॉप कर दिया गया था लेकिन काउंटी में जबरदस्त प्रदर्शन के बाद उनकी फिर वापसी हुई। उन्हें विंडीज दौरे से भी बाहर रखा गया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पुजारा का बल्ला फिर खामोश रहा। वह द ओवल में खेले गए इस फाइनल की पहली पारी में 14 रन बनाए जबकि दूसरी पारी में वह 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे।


Subscribe to our Newsletter