(मोहाली) भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी20 आज

भारत क्रिकेट टीम मंगलवार से यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टी20 मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में एशिया कप की गलतियों से उबरने का प्रयास करेगी। भारतीय टीम का लक्ष्य अगले माह होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए इस सीरीज में मध्यक्रम से जुड़े मामले हल करना रहेगा। इस सीरीज में भारतीय टीम अपने सभी संभावित खिलाड़ियों को आजमाना चाहेगी। उसी को देखते हुए कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है पर अन्य खिलाड़ियों को अवसर दिया जा रहा है। 

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि विश्व कप में टीम पूरी ताकत से उतरेगी। साथ ही कहा कि इसके लिए टीम में लचीलापन होना चाहिये ताकि विकल्प उपलब्ध रहें। उसका अभ्यास इस सीरीज में भारतीय टीम करेगी।

भारत ने एशिया कप में अच्छी बल्लेबाजी की पर इसके बाद भी टीम कई अवसरों पर उम्मीद के अनुसार रन नहीं बना पायी। वहीं गेंदबाजी में भी टीम अपने स्कोर का बचाव नहीं कर पायी। अब इन्हीं सभी के जवाब इस सीरीज में तलाशे जाएंगे। भारतीय टीम में इस सीरीज से मुख्य तेज गेंदबाज  जसप्रीत बुमराह ओर युवा गेंदबाज हर्षल पटेल की वापसी हो रही है। इससे भारतीय गेंदबाजी आक्रामण बेहतर होने की उम्मीदें हैं। 

कप्तान रोहित ने कहा है कि विश्व कप में लोकेश राहुल ही सलामी जोड़ीदार के तौर पर उतरेंगे पर इस सीरीज में विराट कोहली को भी पारी शुरु करने का अवसर मिल सकता है। इसका कारण यह है कि रोहित उन्हें पारी की शुरुआत के लिए एक बेहतर विकल्प मानते हैं। इस सीरीज में विश्वकप के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज का भी फैसला होगा। भारतीय टीम ने दो खिलाड़ियों ऋषभ पंत और  दिनेश कार्तिक का चयन किय है। अब अंतिम एकादश में किसे शामिल किया जाएगा यह देखना होगा। अनुमान है कि इन दोनो को ही इस सीरीज में अवसर मिलेगा और उसके आधार पर ही विश्वकप में जगह मिलेगी। 

ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के टीम में नहीं होने के कारण ऋषभको बायें हाथ का बल्लेबाज होने के कारण कार्तिक पर वरीयता मिलना तय माना जा रहा है। कार्तिक को एक अच्छा ‘फिनिशर’ माना जाता है पर एशिया कप में उन्हें बल्लेबाजी का अवसर बड़ी मुश्किल से मिला था। ऐसे में उन्हें इस सीरीज में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सकता है। युवा खिलाड़ी दीपक हुड्डा ने एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन किया था और उन्हें भी इस सीरीज में खेलने का अवसर मिल सकता है। हुड्डा आक्रामक बल्लेबाज होने के साथ ही गेंदबाज के तौर पर भी इस्तेमाल किये जा सकते हैं। 

जडेजा के बाहर होने के कारण इस सीरीज में शामिल अक्षर पटेल को अंतिम ग्यारह में जगह मिल सकती है ताकि वह अपनी लय हासिल कर सकें। अक्षर इस सीरीज से पहले फिट नहीं होने के कारण टीम से बाहर थे। उनके आने से भारतीय टीम को अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प मिल जाएगा। टीम के पास बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल और हार्दिक जैसे तेज गेंदबाजों के अलावा अक्षर और युजवेंद्र चहल जैसे स्पिनर होंगे। 

विश्वकप को देखते हुए भारतीय टीम ऑस्ट्रेलियाई हालातों का ध्यान रखते हुए टीम संयोजन तैयार करेगी।  

वहीं दूसरी ओर मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और कुछ अन्य प्रमुख खिलाड़ियों के बिना ही भारत आयी है। वार्नर को विश्व कप को ध्यान में रखते हुए आराम दिया गया है। वहीं मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस और मिशेल मार्श चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं। इस सीरीज में सभी का ध्यान कप्तान आरोन फिंच पर रहेगा जिन्होंने लगातार टी20 पर ध्यान देने के लिए एकदिवसीय को अलविदा कह दिया है। अब उनका लक्ष्य इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर  विश्व कप से पहले फॉर्म हासिल करना रहेगा। इसके अलावा सिंगापुर मूल के आक्रामक बल्लेबाज टिम डेविड के प्रदर्शन पर भी लोगों की नजरें रहेंगी। टिम इस सीरीज से ऑस्ट्रेलिया की ओर से उतरेंगे। 

दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं:

ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), सीन एबॉट, एश्टन एगर, पैट कमिंस, टिम डेविड, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, जोश इंगलिस, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, डेनियल सैम्स, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड और एडम ज़म्पा।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल , विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव।

Subscribe to our Newsletter