सूर्यकुमार ने रन बनाने की जल्दबाजी को बताया फेल होने का कारण

नई दिल्ली । टी20 क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने रन बनाने की जल्दबाजी को वनडे में फेल होने की मुख्य वजह बताई है। सूर्यकुमार ने वनडे क्रिकेट में पिछले कुछ समय से बेहतर परफार्म नहीं ‎किया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में खेले गए पहले वनडे में वह लय में दिखे और मैच के बाद उन्होंने अपने फेल होने की असली वजह भी बतायी।

एसकेवाय ने कंगारुओं के खिलाफ साल का पहला अर्धशतक जड़ते हुए भारत को जीत की राह दिखाई। इस दौरान उन्होंने कप्तान केएल राहुल के साथ मुश्किल समय में अहम साझेदारी भी निभाई। जब मैच के बाद सूर्या से उनकी पारी को लेकर बात हुई तो उन्होंने बताया कि जब उन्होंने यह फॉर्मेट खेलना शुरू किया था तो वह कुछ ऐसी ही पारी का सपना देखते थे। सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट में तो गेंदबाजों की खूब बैंड बजाते हैं, मगर वनडे क्रिकेट में वह अपनी चमक बिखेरने में नाकाम रहे थे। वनडे फॉर्मेट में गेंद वही है और गेंदबाज भी वही है, मगर सूर्या यहां रन बनाने के लिए जूझ रहे थे। 

सूर्यकमार ने इस फॉर्मेट में फेल होने का कारण रन बनाने की जल्दबाजी को बताया है। उन्होंने मैच के बाद कहा जब मैंने यह प्रारूप खेलना शुरू किया तो मैं इस तरह की पारी का सपना देख रहा था। मैं अंत तक बल्लेबाजी करने और मैच खत्म करने की कोशिश कर रहा था, दुर्भाग्य से आज ऐसा नहीं कर सका लेकिन परिणाम से बहुत खुश हूं।

मैं सोच रहा था कि इस फॉर्मेट में मेरे साथ क्या हो रहा है, टीमें वही है, गेंदबाज वही थे। मैं वापस गया और सोचा और महसूस किया कि मैं शायद चीजों में थोड़ी जल्दबाजी कर रहा था इसलिए मैंने धीमी गति से खेलने और इसे गहराई तक ले जाने का फैसला किया। अकसर वनडे क्रिकेट में आड़े-तेड़े शॉट मारने के प्रयास में आउट होने वाले सूर्या ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआत में सीधे बैट से बल्लेबाजी की, वहीं जब वह सेट हो गए तो उन्होंने अपने अंदाज में प्रदर्शन ‎किया। 



Subscribe to our Newsletter