सरफराज के चयन से सूर्यकुमार खुश

मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए सरफराज खान के चयन पर खुशी जतायी है। सरफराज ने पिछले काफी समय से घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था जिससे समय-समय पर उन्हें टीम में शामिल किये जाने की मांग उठती रही है। 

सरफराज को टीम में जगह मिलने के बाद सूर्यकुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सरफराज  के साथ एक तस्वीर साझा की है। इसमें सूर्या ने लिखा, मेडन इंडिया कॉल अब उत्सव की तैयारी करो। सरफराज की अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी लगातार उपेक्षा होती रही है पर अब उनके पास अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर है। वहीं पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कुछ दिन पहले ही अपने सोशल अकाउंट पर टेस्ट टीम में जगह ना दिए जाने पर सरफराज की बल्लेबाजी के आंकड़े साझा किए थे। इसके साथ उन्होंने लिखा, अगर आप उनकी जगह होते और टेस्ट टीम में जगह नहीं मिलती तो आपको कैसा लग रहा होता। सरफराज ने 45 फर्स्टक्लास मैच में अब तक कुल 3912 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 69 के औसत से ये रन बनाये हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 301 रन नाबाद रहा है।


Subscribe to our Newsletter