सूर्यकुमार पाक टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा : अकरम

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने कहा है कि भारतीय टीम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पर पाक गेंदबाजों को अंकुश लगाना होगा। अकरम के अनुसार इसका कारण यह है कि सूर्यकुमार हमारे लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। 

जहां भारतीय प्रशंसकों की नजरें विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा पर लगी हैं। वहीं अकरम ने कहा कि ये दोनो नहीं बल्कि सूर्यकुमार उनकी टीम के लिए खतरा बन सकते हैं क्योंकि लय में होने पर वह बेहद आक्रमक हो जाते हैं। इसके साथ ही उन्हें किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता है। 

सूर्यकुमार मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में पदार्पण के बाद से ही बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं। अकरम ने कहा कि जब वह कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ जुड़े हुए थे तो उन्होंने सूर्यकुमार यादव के साथ काम किया था। तभी से वह जानते हैं कि सूर्या एक शानदार खिलाड़ी है। अकरम के अनुसार यह बल्लेबाज उनकी टीम के लिए ही नहीं अन्य टीमों के लिए भी खतरनाक साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस खिलाड़ी के आने से भारतीय बल्लेबाजी काफी बेहतर हो गयी है। वह स्पिनरों और तेज गेंदबाजों के खिलाफ एक समान रुप से खेलने वाले एक आक्रामक खिलाड़ी है। इस बल्लेबाज ने अब तक अंतराष्ट्रीय करियर में कुल 5 अर्धशतक के साथ ही एक शतक लगाया है।

Subscribe to our Newsletter