मोहन बागान सहित इन तीन क्लबों की सफलता से देश में फुटबॉल आगे बढ़ेगा : एआईएफएफ
Apr 18, 2024
नई दिल्ली। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा है कि मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और मोहम्मडन स्पोर्टिंग की सफलता से पश्विचम बंगाल के साथ ही देश में भी फुटबॉल का स्तर बढ़ने के साथ ही इसकी लोकप्रियता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि मुंबई सिटी एफसी को हराकर जिस प्रकार मोहन बागान ने पहली बार इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) कप जीता है। उससे भी उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा, ‘‘कोलकाता के इन तीनों क्लबों को पश्चिम बंगाल, भारत और विश्व स्तर पर प्रशंसकों का भारी समर्थन हासिल है।
साथ ही कहा कि मोहन बागान और ईस्ट बंगाल की सफलता, और साथ ही मोहम्मडन स्पोर्टिंग के अगले सत्र में आईएसएल में शामिल होने से भारतीय फुटबॉल और बेहतर होगा।’’ मोहन बागान ने पिछले साल तीन सितंबर को ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराकर 23 साल में अपने पहले डूरंड कप खिताब के साथ सफलता की शुरुआत की थी। वहीं ईस्ट बंगाल ने 29 जनवरी को भुवनेश्वर में ओडिशा एफसी को 3-2 से हराकर सुपर कप जीता। इसके अलावा कई बार निचली लीग में खिसकने के बाद वापसी करते हुए मोहम्मडन स्पोर्टिंग ने इस महीने की शुरुआत में शिलांग लाजोंग एफसी को 2-1 से हराकर एक दौर शेष रहते हुए आईलीग का खिताब जीता और आईएसएल में जगह बनाई।