'स्त्री 2024' : भारतीय ज्ञान परंपरा में महिलाओं की भूमिका पर राष्ट्रीय सम्मेलन

Dec 05, 2024

मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट), भोपाल, और शक्ति (SHAKTI) के संयुक्त प्रयास से राष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी स्त्री 2024' का आयोजन 6 से 8 दिसंबर 2024 तक किया जाएगा। इस सम्मेलन का मुख्य विषय है "भारतीय ज्ञान परंपराओं की संरक्षक और संवाहक के रूप में महिलाएँ - आदि से अमृत काल तक। यह सम्मेलन भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित और संवर्धित करने में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है। शक्ति, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समर्पित एक राष्ट्रीय आंदोलन है, जिसने इस कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न सरकारी संगठनों के सहयोग से किया है।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। साथ ही, पद्मश्री सम्मानित श्रीमती अनुपमा होस्करे, डॉ. उज्ज्वला चक्रदेव, VC SNDT एवं पद्मश्री सम्मान से सुशोभित श्रीमती लक्ष्मी कुट्टी, विज्ञान श्री पुरस्कार प्राप्त प्रो. अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम, और चंद्रयान-3 की प्रोजेक्ट मैनेजर डॉ. माधवी ठाकरे, डॉ. उज्ज्वला चक्रदेव, VC SNDT जैसे देश के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व इस सम्मेलन की गरिमा बढ़ाएंगे।तीन दिवसीय इस सम्मेलन में भारतीय ज्ञान प्रणाली आधारित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रमुख वक्ताओं के व्याख्यान, पैनल चर्चाएँ, 150 पोस्टर प्रस्तुति, 50 मौखिक प्रस्तुति, प्रशिक्षण कार्यशालाएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और एक भव्य मेगा एक्सपो शामिल हैं। मुख्य विषयों में एसटीईएम (STEM) में महिलाओं का योगदान, पारंपरिक भारतीय चिकित्सा, भारतीय परंपरा में महिला दार्शनिकों की भूमिका, और महिलाओं के लिए पारंपरिक ज्ञान प्रणाली का पुनरुद्धार शामिल हैं।

सम्मेलन में 600 से अधिक प्रतिनिधि और 54 विशेषज्ञ भाग लेंगे। यह आयोजन देशभर से विद्वानों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाएगा, जहां वे भारतीय ज्ञान परंपराओं में महिलाओं के योगदान पर विचार विमर्श करेंगे। मैनिट, भोपाल इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करते हुए गर्व महसूस कर रहा है। यह सम्मेलन महिलाओं की उपलब्धियों को रेखांकित करने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा। सम्मेलन का समापन 8 दिसंबर 2024 को होगा।

Subscribe to our Newsletter