दिल्ली- एनसीआर में तूफान और बिजली यूपी में लू का अलर्ट

May 15, 2025

नई दिल्ली । देश के मैदानी इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं। आज देश की राजधानी में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं यूपी में लू का तो बिहार में यलो अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं इनके अलावा देश के बाकी राज्यों में गुरुवार मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है। मई का महीना चल रहा है। देश के मैदानी इलाके गर्मी से झुल रहे हैं। हालांकि बीच-बीच हो रही आंधी-बरसात लोगों को गर्मी से राहत पहुंचा रही है, लेकिन इस चिलचिलाती गर्मी से राहत तभी मिल पाएगी जब मॉनसून दस्तक देगा और झमाझम बारिश होगी। वहीं गुरुवार देश का मौसम कैसा रहेगा आइए जानते हैं। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक मौसम में बदलाव नजर आएगा। आज प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

गरज के साथ बिजली गिरने के साथ-साथ तेज हवाएं चलने (30-40 किमी प्रति घंटा) संभावना भी है। साथ ही प्रदेश के तापमान की बात करें तो गुरुवार अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने यूपी में 15 से 18 मई के बीच प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में लू का अलर्ट जारी किया है। आज प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं विभाग ने17 मई से तराई क्षेत्र में बादल गर्जना और छिटपुट वर्षा की संभावना जताई है। बिहार में मौसम का मिजाज हर रोज बदल रहा है। दक्षिण बिहार में गर्मी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 33 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।


Subscribe to our Newsletter