चौथे टेस्ट में गेंदबाजी करते दिख सकते हैं स्टोक्स

राजकोट । इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स अब रांची में भारतीय टीम के खिलाफ होने वाले चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच में एक बार फिर गेंदबाजी करते दिख सकते हैं। मेहमान टीम को पिछले दोनो ही मैचों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। इससे एक बार फिर स्टोक्स के पास गेंदबाजी के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। वहीं टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम भी इससे सहमत हैं पर उनका कहना है कि इस बारे में कप्तान जल्दबाजी नहीं करे क्योंकि वह हाल ही में घुटने की सर्जरी से उबरे हैं। स्टोक्स ने सर्जरी से उबरने के बाद पिछले साल जून में दूसरे एशेज टेस्ट के बाद से गेंदबाजी नहीं की है। वहीं तीसरे टेस्ट से पहले स्टोक्स ने कहा था कि उन्होंने अपने फिजियोथेरेपिस्ट से कहा है कि वह मौजूदा श्रृंखला में गेंदबाजी नहीं करेंगे पर रविवार को तीसरे टेस्ट में 434 रन की हार के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपनी ऑलराउंडर की भूमिका दोबारा निभाएंगे तो स्टोक्स ने कहा, ‘मैं हां नहीं कह रहा हूं, मैं ना भी नहीं कह रहा हूं। 

उन्होंने कहा, ‘मैं ज्यादातर चीजों के बारे में हमेशा बहुत आशावादी रहता हूं। मेडिकल टीम के साथ विस्तृत बातचीत होगी कि मुझ पर काम का कितना बोझ है जिससे कि मुझे कोई बड़ा खतरा नहीं हो। राजकोट टेस्ट के दौरान स्टोक्स ने शत प्रतिशत क्षमता से ट्रेनिंग की थी और स्वीकार किया था कि उन्हें काफी अच्छा महसूस हो रहा है पर वह अभी गेंदबाजी के लिए अपने को फिट नहीं मानते। मैकुलम ने कहा, ‘यह अच्छा है कि अब वह उस स्थिति में पहुंच रहा है जहां उसे लगता है कि वह गेंदबाजी कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘पर स्टोक्स काफी समझदार है। वह तब तक गेंदबाजी नहीं करेगा जब तक उसे नहीं लगता कि वह बेहतर गेंदबाजी कर सकता है। वहीं परेशानी तब आयेगी जब वह गेंदबाजी शुरू करेगा और फिर उसे खत्म नहीं कर पाएगा। इसलिए हम देखेंगे कि क्या होता है। मैकुलम ने कहा, ‘हमें देखना होगा कि खतरा कहां है और उसे इससे दूर करने की कोशिश करनी होगी। लेकिन यह एक अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा, ‘मैं अभ्यास के एक दिन शत प्रतिशत क्षमता के साथ गेंदबाजी करने में सफल रहा जिससे मुझे काफी अच्छा महसूस हुआ। मुझे लगा कि मैं मैच में गेंदबाजी कर सकता था लेकिन यह बेवकूफी होती। 


Subscribe to our Newsletter