भारत के खिलाफ पहले मैच से बाहर हुए स्टोइनिस
Oct 06, 2023
चेन्नई । ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑलराउंडर मार्केस स्टोइनिस चोटिल हो गये हैं। ऐसे में स्टोइनिस रविवार को यहां भारतीय टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले से तकरीबन बाहर हो गये हैं। स्टोइनिस का बाहर होना ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एक करारा झटका है। टीम पहले ही अपने प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड के अनुसार स्टोइनिस हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान हैं।
ऐसे में उनके भारत के खिलाफ खेलने की संभावनाएं बेहद कम हैं। इस खिलाड़ी को पिछले महीने भारत के खिलाफ मोहाली में हुए पहले एकदिवसीय के दौरान चोट लग गई थी और तब से ही उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। मैकडोनाल्ड ने कहा कि वह (स्टोइनिस) अभ्यास मैचों में नहीं खेल पाए थे। वह भारत के खिलाफ पहले मैच के लिए तैयार था पर हमने जब अभ्यास सत्र लगाया तो पाया कि वह पूरी तरह फिट नहीं हैं। अभी हम एक और सत्र लगाएंगे अगर वह फिट नहीं हुआ तो नहीं खेलेंगे।
साथ ही कहा कि ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन अच्छी फॉर्म में हैं और पाकिस्तान के खिलाफ अंतिम अभ्यास मैच में भी उन्होंने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी। हालाँकि, मैकडॉनल्ड्स ने कहा कि टीम का इरादा दोनों को बनाये रखने का है। विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती गेम के लिए संभावित विकल्पों को लेकर मैकडोनाल्ड ने कहा कि हम जिस सतह पर हम खेलने जा रहे हैं, उसके आधार पर बल्लेबाजी लाइनअप या शीर्ष क्रम में बदलाव संभव है।