आईपीएल में केकेआर की ओर से अंतर पैदा करेंगे स्टार्क
Mar 07, 2024
नई दिल्ली । 22 मार्च से शुरु हो रहे आईपीएल के 17 वें सत्र में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क एक्स फैक्टर होंगे। स्टार्क एक शीर्ष स्तर के गेंदबाज हैं। उन्हें केकेआर ने नीलामी में 24.75 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी राशि देकर खरीदा था। इस क्रिकेटर का मानना है कि बेहतर प्रदर्शन को लेकर जो अतिरिक्त दबाव रहेगा उसका सकारात्मक पक्ष ये है कि वह बेहतर प्रदर्शन के पूरे प्रयास करेंगे। साथ ही कहा कि उन्हें आईपीएल के अपने पिछले अनुभवों का भी लाभ मिलेगा।
इस तेज गेंदबाज ने कहा कि मैंने पहले भी कुछ उतार-चढ़ाव देखे हैं। यह अनुभव के साथ आता है। मैं जितना संभव हो उतना सफल होने और प्रभाव डालने का प्रयास करता हूं। स्टार्क ने कहा कि सबसे महंगे खिलाड़ी के रुप में उतरने से वह गर्व महसूस कर रहे हैं पर इसके साथ ही काफी विनम्र भी बने रहेंगे। साथ ही कहा कि इस सत्र में भी कुछ चीजों को छोड़कर मेरी योजनाओं में अधिक बदलाव नहीं आयेगा। उम्मीद है कि मैं अपने अनुभव को सफलता में बदल पाउंगा। वहीं इससे पहले केकेआर के मेंटोर गौतम गंभीर ने कहा था कि तेज गेंदबाज स्टार्क के आने से उसका गेंदबाजी आक्रमण बेहतर होगा। उनके अनुसार स्टार्क टीम के गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालेंगे जिससे अंतर पैदा होगा।