श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम ने तीन सौ से अधिक का लक्ष्य हासिल कर बनाया रिकार्ड
Apr 19, 2024
अट्टापटू ने नाबाद 195 रन बनाये, दक्षिण अफ्रीकी छह विकेट से हारी
जोहांसबर्ग । कप्तान चमारी अट्टापटू के नाबाद 195 रनों की सहायता से श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम को 6 विकेट से हरा दिया। इस प्रकार 3 मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई।
इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने तीन सौ से अधिक रनों का लक्ष्य हासिल कर नया विश्व रिकार्ड बनाया। श्रीलंकाई टीम ने ये मुकाबला तय ओवरों से पहले ही हासिल कर लिया। ये पहली बार है जबकि एकदिवसीय क्रिकेट में किसी महिला टीम ने 300 या इससे ज्यादा रन बनाये हैं। अट्टापटू ने इसी के साथ ही एकदिवसीय में रनों का पीछा करते हुए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया है। वहीं इससे पहले पुरुष क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल ने पिछले साल एकदिवसीय विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 201 रन बनाये थे।
महिला एकदिवसीय क्रिकेट में यह लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ा स्कोर है। इसी के साथ ही श्रीलंकाई टीम ने 11 साल पुराना एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने साल 2012 में 289 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था। अट्टापटू इस इस पारी के दौरान अपना ही पिछला रिकार्ड तोड़ा। वह महिला एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाजों में तीसरे नंबर पर पहुंच गयी हैं। उन्होंने 139 गेंदों पर नाबाद 195 रन बनाए। अट्टापटू ने अपनी मैराथन पारी में 26 चौके और 5 छक्के लगाए।
अट्टापटू का इससे पहले सबसे अधिक स्कोर नाबाद 178 रन था जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 29 जून 2017 को ब्रिस्टल में बनाया था। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लॉरा वाल्वार्ट के नाबाद 184 रन की मदद से 5 विकेट पर 301 रन बनाए थे।