धाविका ज्योति को प्रशिक्षण के लिए स्पेन भेजेगा खेल मंत्रालय

नई दिल्ली । खेल मंत्रालय धाविका ज्योति याराजी सहित कई खिलाड़ियों को आगामी पेरिस ओलंपिक को देखते हुए प्रशिक्षण के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसी के तहत ही मंत्रालय ने ज्योति को स्पेन भेजे जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। ज्योति ने इससे पहले हुए हांगझोउ एशियाड में 100 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीता था। खेल मंत्रालय की मिशन ओलंपिक इकाई (एमओसी) के अनुसार यह एथलीट डेढ़ माह के लिए स्पेन जाकर अभ्यास करेंगी। 

इस दौरान सरकार उनके सभी प्रकार के खर्च खेल मंत्रालय उठाएगा। इसमें आने-जाने के किराये के साथ ही रहने ओर स्थानीय परिवहन के अलावा अन्य सभी प्रकार के खर्च भी शामिल रहेंगे, इस दौरान उन्हें हर दिन के हिसाब से भत्ता भी दिया जाएगा। ज्योति के अलावा एमओसी ने बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के पेरिस ओलंपिक से पहले अभ्यास के लिए जोड़ीदार को लेकर एक वित्तीय सहायता का प्रस्ताव भी स्वीकार कर लिया है।

चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज दोनों ही जून में मुंबई में स्कॉटलैंड के एलेक्जैंडर डुन और एडम हाल तथा इसके बाद जुलाई में इंडोनेशिया के रेन एगुंग और बेरी एग्रियावान के साथ हैदराबाद में अभ्यास करेंगे। एमओसी ने निशानेबाज रेजा ढिल्लों और राजेश्वरी कुमार के विदेश में प्रशिक्षण के प्रस्ताव को भी मंजूर कर दिया। रेजा अपने व्यक्तिगत कोच के साथ जबकि राजेश्वरी कोच डेविड कोस्टेलेकी के साथ इटली में ट्रेनिंग करेंगी। 


Subscribe to our Newsletter