स्पीकर ओम बिरला ने कहा- ‘चर्चा जरूरी’, हंगामें के चलते लोकसभा 2 बजे तक स्थगित

Aug 11, 2026

-राज्यसभा की कार्यवाही भी हंगामे के चलते दोपहर 12 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली,। संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को एक बार फिर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही प्रभावित हुई। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। लगातार हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से सदन चलने देने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा में भाग लेने की अपील की।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान केवल प्रश्नकाल ही होगा और यह व्यवस्था सभी सांसदों को दी गई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता चाहती है कि संसद चले और सदन में चर्चा हो। अध्यक्ष ने सभी दलों के सांसदों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने का आग्रह किया। हालांकि, विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी रहा। स्थिति को देखते हुए लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। 

राज्यसभा में भी हंगामा

लोकसभा के साथ-साथ राज्यसभा में भी विपक्षी सांसदों के हंगामे का असर देखने को मिला। कार्यवाही शुरू होने के बाद विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध और नारेबाजी की। हंगामा बढ़ने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

संसद में लगातार हो रहे गतिरोध के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोप लगा रहे हैं। इससे पहले भी एनडीए सांसदों ने विपक्ष के खिलाफ संसद परिसर में मार्च निकालकर आरोप लगाया था कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है। वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाब और चर्चा की मांग कर रहा है। 



Subscribe to our Newsletter