डिकॉक और मिलर की शानदार पारी से दक्षिण अफ्रीका को मिली जीत
Jun 22, 2024
सुपर-8 के ग्रुप-बी के रोमाचंक मुकाबले में इंग्लैंड सात रन से हारा
नई दिल्ली,। क्विंटन डिकॉक की आक्रामक पारी के बाद केशव महाराज की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ में ग्रुप-बी के रोमाचंक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हरा दिया। डिकॉक ने अपनी 38 गेंद की पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। इसके अलावा डेविड मिलर ने ही दक्षिण अफ्रीका के लिए तेजी से रन बनाए। मिलर ने 28 गेंदों में 43 रन की परी में चार चौके और दो छक्के जड़े। साउथ अफ्रीका ने छह विकेट पर 163 रन के जवाब में मैदान में उतरी इंग्लैंड को छह विकेट पर 156 रन ही बनाने दिए। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रुक्स (53) और लियाम लिविंगस्टोन (33) ने पांचवें विकेट के लिए 42 गेंद में 78 रन जोड़े लेकिन यह साझेदारी टूटते ही दक्षिण अफ्रीका ने मैच को अपने पाले में कर लिया।
ब्रुक्स ने 37 गेंद में सात चौके लगाए तो वहीं लिविंगस्टोन ने 17 गेंद में तीन चौके और दो छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने चार ओवर में 25 और कागिसो रबाडा ने 32 रन देकर ने दो-दो विकेट हासिल किए। एनरिच नोर्किया और ऑटनील बार्टमैन को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए फिल सॉल्ट (11) ने पहले ओवर में यानसेन के खिलाफ छक्का लगाया लेकिन अगले ही ओवर में रबाडा ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। रीजा हेंड्रिक्स ने बायीं ओर ड्राइव लगाकर उनका शानदार कैच लपका। जॉनी बेयरस्टो (16) ने यानसेन जबकि कप्तान जोस बटलर (17) ने महाराज के खिलाफ चौके लगाये। इस बीच चौथे ओवर में रबाडा की गेंद पर क्लासेन ने बेयरस्टो का कैच छोड़कर लाइफ दे दी लेकिन वह फायदा नहीं उठा सके।
महाराज ने बेयरस्टो और बटलर को आउट कर मैच में दक्षिण अफ्रीका का शिकंजा कस दिया। उन्होंने बेयरस्टो को नोर्किया के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा जबकि बटलर का कैच क्लासेन ने पकड़ा। बार्टमैन ने 11वें ओवर में मोईन की 10 गेंद में नौ रन की पारी को खत्म किया। इंग्लैंड की टीम 11वें ओवर में 61 रन पर चार विकेट गवां चुकी थी। हैरी ब्रुक और लियाम लिविंगस्टोन की जोड़ी ने 14वें ओवर तक बल्लेबाजी की और जब इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी 36 गेंद में 77 रन बनाने थे तो उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया। लिविंगस्टोन ने रबाडा के खिलाफ छक्का लगाया जबकि ब्रुक ने दो चौके जड़ें, जिससे टीम ने 15वें ओवर में 18 रन बटोर कर टीम का शतक पूरा किया। ब्रुक ने आक्रामक पारी खेलते हुए नोर्किया के खिलाफ भी दो चौके लगाए। लिविंगस्टोन ने 17वें ओवर में बार्टमैन की गेंद पर लगातार दो चौके और एक छक्का लगाकर इंग्लैंड की मैच में वापसी करवाई।
इंग्लैंड को अब आखिरी तीन ओवर में 25 रन की जरुरत थी लेकिन रबाडा ने लिविंगस्टोन को स्टब्स के हाथों कैच कराया तो वहीं यानसेन ने सिर्फ सात रन खर्च किए। नोर्किया ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर ब्रुक को आउट कर इंग्लैंड पर दबाव बनाया।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की पारी में डिकॉक ने दूसरे ओवर में मोईन के खिलाफ चौका और छक्का लगाने के बाद आर्चर की लगातार गेंदों पर दो छक्के और चौका लगाकर हाथ खोला। पारी के इस चौथे ओवर में रीजा हेंड्रिक्स ने भी चौका लगाया जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 21 रन बटोरे। डिकॉक ने छठे ओवर में सैम कुरेन की गेंद पर चौथा छक्का लगाया जिससे दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 63 रन बनाए। उन्होंने अगले ओवर में एक रन लेकर 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों छोर से आदिल राशीद और मोईन अली की स्पिन गेंदबाजी ने दक्षिण अफ्रीका की रनगति पर अंकुश लगाया। इस बीच राशीद की गेंद पर डिकॉक को जीवनदान मिला जब मार्क वुड ने कैच पकड़ने के दौरान गेंद मैदान से टच हो गई । उन्होंने मोईन के खिलाफ अगले ओवर में चौका लगाया लेकिन इस गेंदबाज ने हेंड्रिक्स को आउट कर पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी को तोड़ दिया। हेंड्रिक्स 25 गेंद में 19 रन बनाए।
रनगति को फिर से बढ़ाने के लिए दक्षिण अफ्रीका ने हेनरिच क्लासेन (8) को तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए भेजा लेकिन बटलर ने विकेट के पीछे से बेहतरीन थ्रो कर उन्हें रन आउट कर दिया। बटलर ने इसके बाद गेंद आर्चर को थमाई और इस तेज गेंदबाज ने डिकॉक को आउट कर उनके फैसले को सही साबित कर दिया। बटलर ने कैच लपक कर उनकी पारी को समाप्त कर दिया। राशीद ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्कराम (1) को चलता किया जिससे टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 86 रन से 15वें ओवर में चार विकेट पर 115 रन था। विकेटों के पतन के बीच मिलर ने एक छोर संभालने के साथ बड़ा शॉट खेलना जारी रखा। आर्चर ने आखिरी ओवर में लगातार गेंदों पर मिलर और मार्को यानसेन (0) का विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका को 163 रन बनाने दिए।