एक साल से बंद सोलर स्ट्रीट लाइट, अंधेरे में डूबा भीरागांव; ग्रामीणों में आक्रोश
Aug 07, 2026
कांके। जिले के ग्राम भीरागांव में पिछले करीब एक साल से सोलर स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। इसके चलते शाम होते ही गांव की गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के मौसम में अंधेरे की समस्या और गंभीर हो गई है। गांव की गलियों में रोशनी नहीं होने के कारण सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। रात के समय जरूरी काम से बाहर निकलने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। ग्रामीण योगेश साहू, बबलू लाडिया, आशीष राय, ताजेश लाडिया, महेश साहू और बल्लू भास्कर ने बताया कि गांव को रोशन करने के उद्देश्य से शासन की ओर से सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी।
लेकिन रखरखाव के अभाव में यह व्यवस्था लंबे समय से बंद पड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय उदासीनता के कारण सरकारी योजना का उद्देश्य ही पूरा नहीं हो रहा है। जिस सोलर लाइट से गांव की गलियों को रोशन होना था, वह अब केवल शो-पीस बनकर रह गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सोलर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अंधेरे के कारण किसी अप्रिय घटना की स्थिति बन सकती है।