भोपाल में चौथी लाइन के लिए टूटेंगी झुग्गियां-दुकानें:विरोध में कलेक्टोरेट पहुंचे मोतीनगर के लोग; बोले- एक के बाद एक आ रहे नोटिस

Dec 09, 2024

भोपाल के सुभाषनगर विश्राम घाट के पास मोतीनगर की 381 झुग्गियां और करीब 100 दुकानें हटाई जाएंगी। इसके लिए एमपी नगर एसडीएम एलके खरे ने नोटिस भी दिए हैं। यह झुग्गियां और दुकानें चौथी लाइन के लिए टूटेंगी। दूसरी ओर, इन्हें तोड़ने का विरोध भी शुरू हो गया है। सोमवार को कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कलेक्टोरेट पहुंचे।

लोगों ने कलेक्टोरेट का घेराव कर दिया। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह से उन्होंने कहा कि, जिला प्रशासन एक के बाद एक नोटिस थमा रहा है। इससे हम भयभीत है। मोतीनगर में छोटी-मोटी रोजमर्रा के उपयोग में आने वाली वस्तुओं की दुकानें भी हैं। जिनके माध्यम से वहां के लोग जैसे-तैसे अपना जीवन यापन करते हैं।

'लोगों को हटाया तो वे बेघर हो जाएंगे' कांग्रेस नेता शुक्ला ने कलेक्टर सिंह से कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहले वादा भी किया था कि जो जहां निवास कर रहे हैं, उन्हें वहीं बसाया जाएगा। फिर मोतीनगर बस्ती को बिना व्यवस्थापन के क्यों हटाया जा रहा है? यदि झुग्गियां हटती है तो सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे। चौथी लाइन को लेकर कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मोतीनगर के रहवासियों को उचित स्थान पर व्यवस्थापित (शिफ्ट) किया जाए। नई जगह पर सभी मूलभूत आवश्यकताएं और सुविधाएं भी हों।

अनिश्चितकालीन धरना देंगे शुक्ला ने कहा कि इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो जल्द ही वे पूर्व मुख्यमंत्री चौहान के बंगले के बाहर रहवासियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना देंगे और उन्हें उनका वादा याद दिलाएंगे। कलेक्टोरेट के घेराव के दौरान तारिक अली, अमित खटीक, मुजाहिद सिद्दीकी, शानू खान, जहीर कुरैशी, जाकिर कुरैशी, अलीम उद्दीन बिल्ले, मो. राजिक, आशुतोष बिजोर, अनीस सलमानी, केशव मौरे, नीलोफर खान, नन्हें खान, खालिद कुरैशी आदि मौजूद थे।

Subscribe to our Newsletter