प्लेऑफ के लिए संघर्ष कर रही छह टीमें

अंक बराबर हुए तो बेहतर रनरेट वाली टीम को मिलेगा अवसर 

मुम्बई । आईपीएल में अब तक केवल एक टीम कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की जगह प्लेऑफ में पक्की हुई है। वहीं तीन टीमें बाहर हो गयी हैं जबकि छह टीमें अब भी प्लेऑफ के लिए संघर्ष कर रही हैं। इन टीमों में राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपरकिंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स जैसी टीमें हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स की राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत से भी समीकरण बदले हैं। अब कोलकाता नाइटराइडर्स 9 मैच जीतकर 18 अंक लेकर तालिका में पहले नंबर पर पहुंच गयी है। ऐसे में उसका प्लेऑफ में खेलना तय नजर आता है। अब उसका लक्ष्य शीर्ष-2 में जगह बनाना रहेगा। 

वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम सीएसके से हार के बाद भी अंकतालिका में दूसरे नंबर पर बरकरार है।  उसका रनरेट 0.349 है। उसके अब दो मैच बचे हैं। अगर वह एक भी जीतती है तो 18 अंक के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। अगर वह दोनों मैच हार जाए तो ही कुछ उलटफेर हो सकता है। अभी चेन्नई, हैदराबाद और लखनऊ की टीमें 16 अंक तक पहुंच सकती हैं। यदि ऐसा हुआ तो राजस्थान, चेन्नई, हैदराबाद और लखनऊ में से कोई तीन टीम ही आगे बढ़ेगी। इन टीमों का फैसला तब नेटरनरेट के आधार पर होगा। रॉयल्स के लिए राहत की बात यह है कि उसका रनरेट पॉजिटिव है, जबकि लखनऊ और दिल्ली का निगेटिव। ऐसे में वह 16 अंक के साथ भी प्लेऑफ में जगह बना सकती है। 

वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) की राह कठिन है। अगर वह अपना अंतिम मैच जीती तो 16 अंक के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। वहीं अगर सीएसके अपना आखिरी मैच हारती है तो उसकी उम्मीदें समाप्त होंगी क्योंकि सीएसके के अलावा हैदराबाद (एसआरएच) के भी 14 अंक ही है। सीएसके चेन्नई हारी तो बेंगलुरू (आरसीबी) के भी 14 अंक हो जाएंगे। ऐसे में दिल्ली और लखनऊ भी 14 अंक हासिल कर सकते हैं। इन हालातों में नेटरनरेट से प्रभाव पड़ेगा और जिस भी टीम का रनरेट बेहतर होगा वह प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। 


Subscribe to our Newsletter