टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद छुट्टियां मनाने लंदन जा रहे पाक के छह खिलाड़ी
Jun 18, 2024
लाहौर । आईसीसी टी20 विश्वकप से बाहर हुई पाकिस्तान टीम के कुछ खिलाड़ी सीधे घर न जाकर छुट्टियां मनाने लंदन जा रह हैं। इन खिलाड़ियों में कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद आमिर, इमाद वसीम, हारिस रऊफ, शादाब खान और आजम खान भी शामिल है। टीम के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद भी खिलाड़ियों के इस प्रकार सैर के लिए जाने से प्रशंसक हैरान हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार छह खिलाड़ी बाकी टीम के साथ पाकिस्तान नहीं पहुंचे। ये लंदन में दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताने जा रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार कुछ खिलाड़ी यूनाइटेड किंगडम में स्थानीय लीग में खेलने के बारे में भी सोच रहे हैं।
वहीं मुख्य कोच गैरी कर्स्टन और सहायक कोच अजहर महमूद अपने-अपने घर जाएंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि फिलहाल कोई सीरीज नहीं होने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कोचिंग स्टाफ को अपने देश लौटने की अनुमति दे दी है। पाकिस्तान का प्रदर्शन विश्व कप में बेहद खराब रहा और उसे केवल अपने अंतिम मैच में आयरलैंड के खिलाफ ही मुश्किल से जीत मिली। उसे अमेरिका और भारत के खिलाफ मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले उसने कनाडा को सात विकेट से हराया था। चार मैचों में चार अंक लेकर पाकिस्तान अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहा और सुपर आठ में जगह नहीं बना पाया।