एक समय कैटरर का भी काम करते थे सिराज
Mar 14, 2024
हैदराबाद । टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज एक समय क्रिकेट छोड़ने पर विचार कर रहे थे। इस क्रिकेटर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने से पहले वह अपने लिए कुछ अच्छा करने के लिए साल 2019-20 में क्रिकेट छोड़ने की योजना बना रहे थे। एक वीडियो में सिराज प्रशंसकों को अपने गृहनगर हैदराबाद के दौरे पर ले गए।
इस क्रिकेटर ने साथ ही कहा कि वह अपने पिता का समर्थन करने के लिए कैटरर के रूप में काम करते थे। उनके पिता एक ऑटोरिक्शा चलाते थे और परिवार उसी से चलता था। साथ ही कहा कि एक बार रुमाली रोटी को पलटने की कोशिश में उनके हाथ जल जाते थे। उन्होंने कहा, मैं कैटरिंग का काम करने जाता था। मेरे घर वाले कहते थे कि बेटा पढ़ाई कर लो। मुझे क्रिकेट खेलना बहुत पसंद था क्योंकि हम लोग किराए पर भी रहते थे। मेरे पापा ही घर में अकेले कमाने वाले थे। अगर मुझे 100 या 200 रुपए मिल गए, मैं इससे खुश था। मैं घर पर 100 या 150 रुपए देता था और 50 अपने लिए रख लेता था। रूमाली रोटी पलटने में मेरे हाथ जल जाते थे पर अब मैं संघर्षों का सामना करने के बाद यहां तक पहुंच गया हूं।
सिराज ने अब तक टीम इंडिया के लिए 27 टेस्ट, 41 वनडे और 10 टी20 मैच खेले हैं। अब वह आईपीएल में चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए दिखेंगे।