शुभमन ने हार के लिए खराब बल्लेबाजी को जिम्मेदार बताया

लखनऊ । गुजरात टाइटन्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के हाथों 33 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। इसपर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने बल्लेबाजों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि उन्हें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। गुजरात ने सत्र की शुरुआत जीत के साथ की थी पर इसके बाद उसका अभियान पटरी से उतर गया। शुभमन ने कहा कि ये विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था। इस मैच में ऑल राउंडर मार्कस स्टोइनिस के अर्धशतक 58 रनों के बाद यश ठाकुर के पांच विकेट से लखनऊ ने लगातार तीसरा मुकाबला जीता। यह लखनऊ की गुजरात टाइटन्स पर पहली जीत है। शुभमन ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुझे लगता है कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था पर हमारी बल्लेबाजी कमजोर रही। हमने अच्छी शुरूआत की लेकिन बीच के ओवरों में विकेट गिरने से हम उबर नहीं पाये।’’

उन्होंने अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए लखनऊ को कम स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद हमें जो लक्ष्य मिला वह हासिल किया जा सकता था पर हमारे बल्लेबाज विफल रहे। ’’ लखनऊ ने स्टोइनिस के अर्धशतक के बाद निकोलस पूरन की नाबाद 32 रन की पारी से पांच विकेट पर 163 रन बनाये। इसके बाद गुजरात टाइटन्स ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 54 रन बनाये लेकिन इसके बाद उसके विकेट लगातार गिरने लगे जिससे टीम 18.5 ओवर में 130 रनों पर ही आउट हो गयी। 


Subscribe to our Newsletter