राजस्थान के खिलाफ मैच में अंपायर पर भड़के शुभमन
Apr 11, 2024
जयपुर । गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शुभमन इसके बाद भी इस मैच में अंपायर से बहस के कारण विवादों में आ गये जबकि इससे पहले उन्हें हमेशा ही शांत तरीके से खेलते हुए देखा गया है। शुभमन में कप्तान बनने के बाद बदलाव आया है जो सही भी है। इस मैच में एक गेंद को वाइड करार दिये जाने पर शुभमन ने आपत्ति जतायी थी। इसी को लेकर वह अंपायर पर भड़क गये। शुभमन ने इस मैच में 44 गेंदों पर 72 रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स की पारी के 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर उस समय विवाद हुआ जब तेज गेंदबाज मोहित शर्मा की गेंद को मैदानी अंपायर ने वाइड करार दिया। इसके बाद गुजरात टाइटंस की ओर से शुभमन ने इसपर डीआरएस लिया। थर्ड अंपायर ने पहले इसे सही करार दिया था पर तीसरे अंपायर ने इस गेंद को वाइड करार दिया। इसके बाद नाराज शुभमन मैदानी अंपायर के पास जाकर बहस करने लगे। गिल काफी देर तक इस मामले में बहस करते नजर आये।
थर्ड अंपायर के फैसले पर शुभमन गिल का नाराज होना जायज था क्योंकि पहले उसने गेंद को सही करार दिया और बाद में मैदानी अंपायर के फैसले के साथ गए। इसके बाद राजस्थान के संजू सैमसन ने चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. इस तरह वाइड गेंद और उसके बाद चौका सहित कुल 5 रन का नुकसान गुजरात टाइटंस को हुआ।