शुभमन और रिंकू को टीम में जगह नहीं मिलना निराशाजनक : युवराज

चहल की वापसी से खुशी हुई 

नई दिल्ली । पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने रिंकू सिंह और शुभमन गिल को टी20 विश्वकप के लिए 15 खिलाड़ियों में जगह नहीं मिलने पर निराश जतायी है। युवराज ने कहा कि ये दोनो ही शानदार खिलाड़ी हैं पर इन्हें इसके बाद भी रिजर्व खिलाड़ियों में ही जगह मिल पायी है जो मुझे अच्छा नहीं लगा। वहीं युवराज ने स्पिनर युजवेंद्र चहल को टीम में जगह मिलने पर खुशी जतायी है।

यूवी ने कहा, शुभमन और रिंकू को टीम में जगह नहीं मिलना थोड़ा दुर्भाग्यपूर्ण था। अगर मैं रिंकू की बात करूं तो जाहिर है कि वह भारत के लिए अच्छी फॉर्म में हैं और उन्होंने आईपीएल टीम केकेआर के लिए भी अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं पिछले कुछ सालों में उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार देख रहा हूं। उनके और शुभमन के लिए बदकिस्मती की बात ये है कि पिछले साल उन्होंने काफी रन बनाए थे। इसके साथ ही वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं। साथ ही कहा कि विश्व कप टीम का चयन करने की यही प्रकृति रही है पर मुझे भरोसा है कि जब भी कोई अवसर मिलेगा। ये अपने को साबित करें। 

वहीं लंबे समय के बाद चहल की वापसी को लेकर युवराज ने कहा,  चहल को टीम में देखकर अच्छा लगा, क्योंकि वह वास्तव में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और विश्व कप के दूसरे भाग में विकेट धीमे हो सकते हैं, ऐसे में वह एक बेहतर गेंदबाज रहेंगे। साथ ही कहा, हमारे पास जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह जैसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं। इसलिय हमारी टीम काफी बेहतर कही जा सकती है । 


Subscribe to our Newsletter