श्रीकांत विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप में हारे
Aug 24, 2022
भारत के किदाम्बी श्रीकांत विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप में हार के साथ ही बाहर हो गये हैं। श्रीकांत को पुरुष एकल के दूसरे दौर में चीन के झाओ जुन पेंग ने 21-18, 21-17 से हराया। यह मुकाबला आधे घंटे से अधिक समय तक चला। इस मुकाबले में श्रीकांत बिल्कुल भी लय में नहीं दिखे। इस मुकाबले के पहले ही गेम में झाओ ने 12 मिनट में जीत हासिल कर ली। वहीं दूसरे गेम में वह 16-14 से आगे थे पर इसके बाद सहज गलतियों के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं इससे पहले भारत के ही एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिला पुरुष युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए पर महिला वर्ग में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी हार के साथ ही बाहर हो गयी। अर्जुन और कपिला की गैर वरीय जोड़ी ने डेनमार्क के आठवीं वरीयता प्राप्त किम एस्ट्रूप और एंडर्स स्कारूप रासमुसेन को 21-17, 21-16 से हराया। अब उनका सामना सिंगापुर के ही योंग टैरी और लोह कीन हीन से होगा। वहीं अश्विनी और सिक्की को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की चेन किंग चेन और जिया यि फान ने 21-15, 21-10 से मात दी।