श्रेयस रणजी में भी विफल रहे
Mar 11, 2024
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर हुए बल्लेबाज श्रेयस अय्यर अब रणजी ट्रॉफी में भी असफल रहे हैं। मुंबई की ओर से खेलते हुए श्रेयस विदर्भ के साथ हुए फाइनल में भी रन नहीं बना पाये हैं। श्रेयस पहली पारी में केवल सात रन ही बना पाये। इस बल्लेबाज को हाल ही में बीसीसीआई केन्द्रीय अनुबंध सूची से भी बाहर कर दिया गया था। इसके बाद वह रणजी ट्रॉफी खेलने को तैयार हो गये थे। फाइनल से पहले हुए सेमीफाइनल में भी अय्यर रन नहीं बना पाये थे।
इस मैच में विदर्भ ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। अय्यर पहली पारी में पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे पर वह केवल 7 रन ही बना पाये। वहीं इससे पहले
सेमीफाइनल में भी अय्यर केवल 3 रन बना पाये थे। इससे पहले वह इंग्लैंड के खिलाफ खेले पहले दोनो टेस्ट मैचों में भी रन नहीं बना पाये थे। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। श्रेयस खराब फिटनेस के कारण एकदिवसीय विश्वकप के बाद से ही टीम से बाहर थे। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से उन्हें वापसी का अवसर मिला था पर वह लाभ नहीं उठा पाये और बाहर हो गये।