श्रेयस ने मेसी की तरह मनाया खिताबी जीत का जश्न

चेन्नई । कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आईपीएल में खिताब जीतने के बाद उसी प्रकार से जश्न मनाया। जिस प्रकार अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने फीफा विश्वकप फुटबॉल जीतने के बाद मनाया था। श्रेयस की कप्तानी में केकेआर ने एक दशक के बाद आईपीएल खिताब जीता है। इसी कारण जब जब अय्यर को बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव जय शाह ने ट्रॉफी दी, तो वह धीरे-धीरे अपने साथियों की तरफ चलने लगे और फिर उन्हें थोड़ा रुकने का इशारा किया। इससे केकेआर के खिलाड़ियों को अंदाजा हो गया और वे अय्यर से थोड़ा दूर चले गए। अय्यर ने थोड़ी दूरी तय करने के बाद ट्रॉफी उठाई। इस दौरान उनके साथ सबसे आगे सुनील नरेन, नीतीश राणा, आंद्रे रसेल और हर्षित राणा चल रहे थे। ठीक इसी प्रकार साल 2022 में जब मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप जीता था। तो मेसी भी इसी तरह अपनी टीम के पास पहुंचे थे। 

श्रेयस के लिए ये खिताब बेहद अहम है कयोंकि उनके लिए पिछला समय अच्छा नहीं रहा है। उन्हें खराब फॉर्म के कारण भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके अलावा उन्हें बीसीसीआई का केन्द्रीय अनुबंध भी नहीं मिला। वह अपनी फिटनेस को लेकर भी परेशान रहे थे। उनकी पीठ में बार-बार दर्द उठता था। इसके बाद अय्यर ने रणजी ट्रॉफी नॉकआउट में मुंबई की जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद आईपीएल में धूम मचायी है। 



Subscribe to our Newsletter