आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन कर टी20 विश्वकप में जगह बना सकते हैं शिवम : चोपड़ा
Mar 14, 2024
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा है कि ऑलराउंडर शिवम दुबे के पास आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का अच्छा अवसर है। इस पूर्व क्रिकेटर के अनुसार हाल के दिनों में शिवम ने घरेलू क्रिकेट के साथ ही टी20आई में भी बेहतर प्रदर्शन किया है जिसका लाभ उन्हें आईपीएल में मिल सकता है। इसके अलावा वह आक्रामक बल्लेबाजी के साथ ही स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। ऐसे में वह टीम के लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
चोपड़ा ने कहा, मेरा मानना है कि यह शिवम दुबे के लिए एक अच्छा अवसर है। उनको विश्वकप टीम में जगह मिल सकती है। उन्होंने पहले टी20आई में भारतीय टीम की ओर से बेहतर प्रदर्शन किया था। इसके अलावा रणजी ट्रॉफी में भी रन बनाने के साथ ही विकेट भी लिए थे। अफगानिस्तान के खिलाफ इस साल की शुरुआत में उन्होंने में 124 रन बनाए थे जिसमें मोहाली में 40 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी और इसके बाद इंदौर में 32 गेंदों में नाबाद 62 रन की पारी शामिल थी। इसके बाद इस क्रिकेटर ने घरेलू क्रिकेट में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा था। उन्होंने अपने पिछले 5 रणजी मैचों में 366 रन बनाए हैं।