शान्तो के शतक से बांग्लादेश ने पहले एकदिवसीय में श्रीलंका को हराया

चटगांव । नजमुल शान्तो के शतक की सहायता से बांग्लादेश ने तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया। इस मैच में शान्तो ने 122 रन बनाये और वह आउट नहीं हुए। इसके अलावा मुशफिकुर रहीम ने भी नाबाद 73 रन बनाये। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश की टीम को इस सीरीज में 1-0 से बढ़त मिल गयी है। टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 255 रन बनाये। इसके बाद 256 रनों के लक्ष्य को बांग्लादेश ने 44.4 ओवर में ही 4 विकेट पर 257 रन बनाकर हासिल कर लिया। इस मैच में बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 23 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे।

लिटन कुमार दास शून्य, सौम्य सरकार 3 रन, मो. तौहीद हृदोय 3 रन और उसके बाद चौथे विकेट रूप में महमुदउल्लाह 37 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नजमुल शांतो और मुशफिकुर रहीम ने पारी को संभाला और 5वें विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी की। शांतो ने 129 गेंदों में 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 122 रन की पारी खेली। वहीं, मुशफिकुर रहीम ने 84 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 73 रन बनाए। 

वहीं श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने दो विकेट लिए। प्रमोद मदुशन और लाहिरू कुमारा ने एक-एक बल्लेबाज को पेवेलियन भेजा। वहीं पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका और अविष्का फर्नान्डो ने मिलकर पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े। इस बीच फर्नान्डो 33 रन बनाकर आउट हो गए। निसंका भी 36 रन बनाकर आउट हो गये। समरविक्रमा 3 रन और चरित असलंका 18 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। 

कुसल मेंडिस और लियानगे ने अच्छी बल्लेबाजी की। मेंडिस ने 75 गेंदों में 59 रन बनाए। अपनी इस पारी के साथ ही उन्होंने एशियाई धरती पर अपने 2,500 रन भी पूरे किए। वहीं लियानगे ने 67 रन बनाये। 



Subscribe to our Newsletter