शेन बांड ने रियान को सूर्यकुमार जैसा खिलाड़ी बताया

मुंबई । राजस्थान रॉयल्स के सहायक कोच शेन बांड ने युवा बल्लेबाज रियान पराग की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका खेलने का अंदाज सूर्यकुमार यादव की तरह ही आक्रामक है। कोच ने कहा कि पराग बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। पराग ने घरेलू क्रिकेट की तरह ही आईपीएल में भी अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। उन्होंने अब तक दो अर्धशतक लगाये हैं ओर सबसे अधिक रन बनाकर औरेंज कैप की दावेदारी की है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतक लगाया था।  

बांड ने कहा, ‘पराग मुझे सूर्यकुमार की याद दिलाता है जो कई साल पहले मुंबई इंडियंस से जुड़ा था। वह अपार प्रतिभाशाली है और बतौर क्रिकेटर अब परिपक्व भी हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘उसने घरेलू सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसने बहुत कम उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया और काफी सुधार किया है जबकि छठे नंबर पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता। आईपीएल में आम तौर पर फिनिशर की भूमिका काफी अनुभवी खिलाड़ी ही निभाते हैं। रॉयल्स में उसमें जो निवेश किया है, उसका फल मिलने लगा है। 

उन्होंने यह भी कहा कि स्पिनर युजवेंद्र चहल अगर इसी तरह से खेलते रहे तो भारतीय टीम में उनकी वापसी होनी तय है। चहल ने चार ओवर में 11 रन देकर तीन विकेट लिए। बांड ने कहा, ‘प्रतिस्पर्धा कड़ी है और सबसे बड़ी चुनौती यह है कि गेंदबाज को यह भुलाकर गेंदबाजी करना है कि विश्व कप होने वाला है और उसे टीम में जगह बनाने के लिये दावा करना है। 


Subscribe to our Newsletter