कार्तिक की आक्रामक बल्लेबाजी देखकर बोले रोहित, इसके दिमाग में है विश्वकप
Apr 12, 2024
मुम्बई । मुम्बई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के खिलाफ मैच में दिनेश कार्तिक की जमकर प्रशंसा की। इस मैच में जहां आरसीबी के बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते जा रहे थे। वहीं कार्तिक तेजी से रन बना रहे थे। इसी को देखकर रोहित शर्मा उनके करीब आए और मजाकिया अंदाज में बोले, इसके दिमाग में टी20 विश्वकप चल रहे है। इसी प्रकार खेलकर ये टीम में जगह बनाने की दावेदारी कर रहा है। रोहित की इस बात का एक वीडियो भी सामने आया है जो जमकर वायरल हो रहा है। कार्तिक ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 23 गेंद पर 53 रन बनाये। उन्होंने इस पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाये।
कार्तिक ने अपनी इस पारी के दौरान मुम्बई के आकाश मधवाल के एक ओवर में ही 4 चौके लगा दिए। कार्तिक की इस धमाकेदार पारी को देखकर रोहित शर्मा उनके पास आए और कहने लगे, ‘विश्व कप चयन पर है इसकी नजरें, इसके दिमाग में अभी विश्वकप है। शाबाश कार्तिक, विश्वकप खेलना है अभी।’
गौरतलब है कि कार्तिक ने पिछले टी20 विश्व कप की भारतीय टीम में आईपीएल के अपने प्रदर्शन के कारण ही जगह बनाई थी। कार्तिक अभी आईपीएल में भी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 6 मैच खेलकर 5 पारियों में 71.50 की औसत से 143 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 190.66 रहा है।